सनातन धर्म में सूर्योपासना के पवित्र-प्रकृति-पर्व छठ का महत्त्व
सूर्योपासना का अनोखा पर्व छठ (Chhath) अब लोकल (Local) से ग्लोबल (Global) हो गया है
डॉ. अजय कुमार ओझा
जीवन में सूर्य की अनिवार्यता और उसके महत्व को दर्शाने वाला सबसे प्रसिद्ध और शक्तिशाली श्लोक ‘आदित्यहृदय स्तोत्र’ से है, जो हमें ऊर्जा, आयु और आरोग्य प्रदान करने वाले सूर्यदेव की महिमा बताता है। आदित्यहृदय स्तोत्र वाल्मीकि रामायण के युद्ध कांड का एक पवित्र मंत्र है। इसे ऋषि अगस्त्य ने श्रीराम को रावण से युद्ध करने से पहले दिया था। इसके जप से बल, बुद्धि और विजय मिलती है।
सूर्य देव को समर्पित एक अन्य प्रचलित वंदना है :
नमः सवित्रे जगतां चक्षुषे जगदेकसे।
जगन्नाथाय महते सूर्याय च नमो नमः॥
जो संपूर्ण संसार के उत्पन्न करने वाले हैं, जो इस जगत के एकमात्र नेत्र (प्रकाश और दृष्टि के स्रोत) हैं, जो संपूर्ण जगत के स्वामी और महान हैं, उन सूर्यदेव को बार-बार नमस्कार है।
जीवन में सूर्य की अनिवार्यता के मुख्य बिंदु इस प्रकार हैं :
ऊर्जा और जीवन का आधार: सूर्य पृथ्वी पर ऊर्जा, प्रकाश और ऊष्मा का एकमात्र प्राकृतिक स्रोत है, जिसके बिना पेड़-पौधे, वर्षा और जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
स्वास्थ्य और आरोग्य के दाता: सूर्य की किरणें जीवों को नया जीवन, बल और आरोग्य (रोगमुक्त शरीर) प्रदान करती हैं।
अंधकार का नाश: सूर्य उदय होकर संसार के अज्ञान और अंधकार रूपी आवरण को दूर करता है तथा पूरी प्रकृति को जाग्रत करता है।
बुद्धि और चेतना के प्रेरक: प्रसिद्ध गायत्री मंत्र (जो सूर्य को समर्पित है) के माध्यम से भी हम सूर्य जैसी दिव्य ऊर्जा से बुद्धि को सन्मार्ग पर प्रेरित करने की प्रार्थना करते हैं।
पुनश्च
योगशास्त्र में महर्षि पतंजलि कहते हैं कि ‘भुवनज्ञानं सूर्ये संयमात्’ अर्थात सूर्य का ध्यान करने से सारे संसार का स्पष्ट ज्ञान हो जाता है।
धर्मशास्त्र कहता है कि यदि कोई अशुचित्व (अपवित्रता ) प्राप्त हो तो सूर्य को देखो, तुम पवित्र हो जाओगे। बीमारियों से पीड़ित हो तो सूर्य की उपासना करो - ‘आरोग्यम् भास्करादिच्छेत्’।
और इसीलिए भारत में सूर्योपासना (सूर्य की पूजा) वैदिक काल से चली आ रही एक अत्यंत प्राचीन परंपरा है। सूर्य को प्रत्यक्ष देवता माना जाता है क्योंकि वे एकमात्र ऐसे देवता हैं जो प्रतिदिन साक्षात दिखाई देते हैं। हमारे देश में रोज सुबह जल चढ़ाने, मंत्र जाप, सूर्य नमस्कार और छठ पूजा जैसे महान पर्वों के जरिए सूर्य की आराधना की जाती है।
भारतीय संस्कृति की सबसे अनोखी विशेषता यह है कि यहाँ हर पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि संस्कार और दर्शन भी होता है। इन्हीं में से एक है छठ पर्व, जो सूर्योपासना की वह परंपरा है जहाँ श्रद्धा, शुद्धता और पर्यावरण का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। कभी बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल की घाटियों तक सीमित यह पर्व अब पूरी दुनिया में भारतीयता का प्रतीक बन गया है। सच ही कहा जाए तो छठ अब लोकल से ग्लोबल हो गया है।
छठ पर्व कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में उपासक (व्रती) सूर्योदय और सूर्यास्त दोनों समय सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। यह न केवल एक धार्मिक साधना है, बल्कि शरीर और मन की शुद्धि का साधन भी है।
इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है - इसमें किसी पुरोहित की आवश्यकता नहीं, हर व्यक्ति स्वयं पूजा करता है। यही इसकी लोकपद्धति और जनसंस्कृति की आत्मा है।
आज प्रवासी भारतीय जहाँ-जहाँ बसे हैं, वहाँ-वहाँ छठ का लोकगान और दीपों की पंक्तियाँ दिखाई देती हैं।
लंदन के टेम्स नदी के किनारे,
न्यूयॉर्क के हडसन तट पर,
दुबई, टोरंटो, सिडनी, कुआलालंपुर, डबलिन
और मॉरीशस तथा फिजी के द्वीपों पर भी अब छठ पर्व पूरे उत्साह से मनाया जाता है।
आयरलैंड में डॉ. दीपक कुमार दो दशक से ज्यादा से रह रहे हैं। वे बताते हैं कि 2018 में जब उनकी पत्नी ने छठ शुरू किया तो हम इस तलाश में जुटे कि यहाँ छठ कहाँ होता है। पहली बार तो छठ उनके घर पर ही मनाया गया। इसके बाद डॉ. दीपक ने बिहार-झारखण्ड असोसिएशन बनाया। इधर के कुछ वर्षों में अब 400 से ज्यादा लोग यहाँ छठ मनाने लगे हैं। इसके लिए हमलोग एक कम्युनिटी सेंटर बुक करते हैं। छठ के चार दिनों के उत्सव में यहाँ के स्थानीय नेता और अधिकारी गण भी बहुत उत्साह के साथ भाग लेते हैं।
कृत्रिम तालाबों में लोग स्नान करते हैं, लोकगीत गाते हैं और सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं।
सोशल मीडिया ने इस परंपरा को और व्यापक बना दिया है। आज छठ महापर्व भारत की सांस्कृतिक पहचान का वैश्विक ब्रांड बन चुका है।
छठ पर्व प्रकृति की आराधना का प्रतीक है। सूर्य, जल, वायु और मिट्टी - इन सभी तत्वों का पूजन होता है।
व्रत करने वाली महिलाएँ अपने परिवार और समाज की समृद्धि के लिए तपस्या करती हैं, जो भारतीय नारी-शक्ति की सर्वोच्च अभिव्यक्ति है।
यह पर्व हमें सिखाता है कि मानव और प्रकृति का संबंध पूज्य और संरक्षकात्मक होना चाहिए, न कि उपभोगवादी।
छठ की एक और सुंदर बात यह है कि इसमें जाति, वर्ग, संपत्ति या पद का कोई भेद नहीं। अमीर-गरीब सब एक साथ घाट पर खड़े होकर सूर्य को प्रणाम करते हैं - यह है समरसता का सजीव उदाहरण।
छठ पर्व केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भारतीय जीवन-दर्शन की झलक है।यह हमें संयम, स्वच्छता, पर्यावरण-संरक्षण, समानता और मातृशक्ति के सम्मान का पाठ पढ़ाता है।आज जब दुनिया पर्यावरण-संकट और मानसिक तनाव से जूझ रही है, तब छठ पर्व जीवन में संतुलन और आस्था का उजाला फैलाता है।
इसलिए कहा जा सकता है -
“छठ अब केवल एक पर्व नहीं, यह विश्व-स्तर पर भारतीय संस्कृति की नई पहचान बन चुका है।”
बिहार समेत पूर्वांचल की मिट्टी में रचा-बसा छठ महापर्व अब अंतरराष्ट्रीय पहचान की ओर बढ़ रहा है। सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आस्था का यह अद्भुत पर्व न केवल बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बल्कि पश्चिम बंगाल समेत पूरे देश और विदेशों में बसे भारतीय प्रवासी समुदायों के बीच भी बड़ी श्रद्धा, पवित्रता और उल्लास से मनाया जाता है। अब इसे यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहरों की सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
भारत के अभी तक 16 सांस्कृतिक तत्व यूनेस्को की अमूर्त धरोहर सूची में दर्ज हैं। अगले चक्र (2026-27) में छठ महापर्व के नामांकन की यह पहल निश्चित ही भारत की सांस्कृतिक कूटनीति का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव सिद्ध होगी।
यूनेस्को अमूर्त धरोहर सूची में शामिल भारतीय तत्व :
वैदिक मंत्रोच्चारण की परंपरा (2008)
कुटियट्टम - संस्कृत रंगमंच, केरल (2008)
रामलीला - रामायण का पारंपरिक प्रदर्शन (2008)
रम्मन - गढ़वाल हिमालय का धार्मिक उत्सव व अनुष्ठानिक रंगमंच, उत्तराखंड (2009)
मुडियेट्टु - अनुष्ठानिक थिएटर और नृत्य नाटक, केरल (2010)
कालबेलिया - लोकगीत और नृत्य, राजस्थान (2010)
छऊ नृत्य - झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा (2010)
लद्दाख का बौद्ध मंत्रोच्चारण - पवित्र ग्रंथों का पाठ (2012)
संकीर्तन - अनुष्ठानिक गायन, वादन और नृत्य, मणिपुर (2013)
ठठेरा समुदाय का पीतल और तांबे के बर्तन बनाने का शिल्प, पंजाब (2014)
योग (2016)
नवरोज़ - पारसी नव वर्ष (2016)
कुंभ मेला (2017)
कोलकाता की दुर्गा पूजा (2021)
गरबा नृत्य, गुजरात (2023)
दीपावली (2025)
छठ (संभावित)
छठ महापर्व के यूनेस्को में शामिल होने से न केवल भारत की सांस्कृतिक परंपराओं को वैश्विक मान्यता मिलेगी, बल्कि प्रवासी भारतीयों में भी गर्व और जुड़ाव की भावना मजबूत होगी। साथ ही सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण और प्रलेखन सुनिश्चित होगा ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस अनूठे पर्व से जुड़ी रह सकें।
सूर्योपासना का अनोखा पर्व छठ (Chhath) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शब्दों में अब निश्चित ही लोकल (Local) से ग्लोबल (Global) हो गया है, समाजशास्त्र के शब्दों में कहें तो छठ पर्व का स्थानीयकरण (Parochialization) से विश्वव्यापीकरण (Univesalization) हो गया है।
No comments:
Post a Comment